मुलायम ने मनमोहन के दोबारा PM बनने की कामना की थी?

बुधवार को मौजूदा लोकसभा का आख़िरी दिन था और सदन के कई जाने-माने नेता भाषण दे रहे थे. लेकिन महफ़िल लूटी मुलायम सिंह यादव ने. उनका एक बयान दिन की सबसे बड़ी ख़बर बन गया.

यूपीए चेयरपर्सन सोनिया गांधी के बराबर और विपक्षी दलों की बेंच पर बैठे समाजवादी पार्टी के नेता मुलायम सिंह यादव ने नरेंद्र मोदी के दोबारा प्रधानमंत्री बनने की कामना कर समूचे विपक्ष को मुश्किल में डाल दिया.

क्या फ़्लॉप रही केजरीवाल की दिल्ली रैली

क्या राहुल-प्रियंका गांधी ने पीएम मोदी से मानी ‘हार’?

अपने संबोधन में मुलायम सिंह यादव ने कहा, "मेरी कामना है कि जितने माननीय सदस्य हैं, दोबारा फिर जीत जाएं. मैं ये भी चाहता हूं, हम लोग तो बहुमत से नहीं आ सकते हैं, प्रधानमंत्री जी आप फिर बने प्रधानमंत्री. हम चाहते हैं जितने सदन में बैठे हैं सब स्वस्थ रहें, सब मिलकर फिर सदन चलाएं."

मुलायम के भाषण के बाद नरेंद्र मोदी बोल रहे थे और उन्होंने एसपी नेता को शुक्रिया कहने का मौका नहीं चूका. जब मुलायम बोल रहे थे, तो बराबर में बैठीं सोनिया गांधी अजीबोगरीब स्थिति में दिख रही थीं.

उनके पीछे एनसीपी नेता सुप्रिया सुले बैठी थीं, जिन्होंने बाहर निकलकर कहा कि इस भाषण में ऐसा कुछ भी नहीं है क्योंकि मुलायम ने साल 2014 में मनमोहन सिंह के लिए भी ऐसी ही कामना की थी, ऐसा हमने सुना है.

लेकिन क्या वास्तव में ऐसा है? क्या मुलायम सिंह यादव ने साल 2014 में भी ऐसा ही भाषण दिया था? क्या उन्होंने सदन के सारे सदस्यों की जीत के साथ-साथ मनमोहन सिंह के दोबारा जीतने की कामना की थी? नहीं, उन्होंने ऐसा नहीं किया था.

साल 2014 में लोकसभा में दिए उनके भाषण पर नज़र डालें तो सच पता चलता है.

मुलायम ने कहा था, ''अध्यक्ष महोदया (मीरा कुमार) जिन विषम परिस्थितियों में आपने धैर्य के साथ सदन चलाने का काम किया, उसके लिए हम हम आपको बधाई भी देते हैं और धन्यवाद भी देते हैं. मुझे खुशी है कि सारे सदन का विश्वास आप पर पूरी तरह से था, चाहे आपस में कितने भी मतभेद रहे हों.''

उन्होंने कहा था, ''इधर भी धन्यवाद देते हैं और नेता विरोधी को भी धन्यवाद देते हैं. प्रधानमंत्री जी (मनमोहन सिंह) को, नेता सदन को विशेषकर सोनिया जी को धन्यवाद देते हैं. उनकी राय से आप सब चले रहे हैं, इसलिए उनकी विशेष भूमिका रही है. समय-समय पर अगर हमने भी कोई इशारा किया या पर्ची भेजकर कुछ आग्रह किया, तो उन्होंने उसका पालन किया. इसके लिए आपको बहुत-बहुत धन्यवाद.''

Comments