यहां महिलाएं कोख में अजनबियों के बच्चे क्यों पालती हैं?

उन्हें गर्भावस्था के दौरान गंभीर बीमारियों के कारण दो बार अस्पताल में भर्ती होना पड़ा. महीनों तक उन्हें रोजाना हार्मोन के इंजेक्शन पड़ते रहे. इससे पहले चार बार उनका गर्भपात हो चुका था.

ये सब कुछ उन्होंने एक नवजात के लिए झेला, जो उनकी अपनी बच्ची भी नहीं थी.

32 वर्षीय मारिसा कनाडा की एक सरोगेट या प्रतिनिधि मां हैं, जहां उनके जैसी सैकड़ों महिलाएं उन बच्चों को स्वेच्छा से जन्म देती हैं, जिनसे वो आनुवंशिक रूप से नहीं जुड़ी होतीं.

"मैंने [एक] परिवार बनाया है... किसी और का परिवार!" मारिसा हंसते हुए कहती हैं, जो नवजात बच्ची को उनके माता-पिता को सौंपने के बाद अब भी प्रसूति गृह में स्वास्थ्य लाभ कर रही हैं. बच्ची के स्पेन निवासी माता-पिता एक ही लिंग के हैं.

दुनिया भर में प्रतिनिधि माताओं की मांग धीरे-धीरे बढ़ रही है, जिसे पूरा करने के लिए दुनिया भर से लोग कनाडा का रुख करते हैं.

भविष्य की सोच रखने वाले इस देश में ये प्रचलन तेजी से बढ़ा है. कुछ लोगों का अनुमान है कि इस क्षेत्र में पिछले एक दशक में 400 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है.

यहां प्रतिनिधि मां बनना "परोपकार" है. दूसरों के बच्चों को जन्म देनेवाली मां को इससे आमदनी नहीं होती.

हम बच्चा पैदा करने की मशीन नहीं हैं'
कनाडा इकलौता देश नहीं है, जहां सरोगेसी की परम्परा है, उदाहरण के लिए यूके जैसी जगहों पर भी सरोगेसी मौजूद है.

लेकिन कनाडा में अधिकतर प्रांतों के कानून दम्पति के लिए प्रतिनिधि मां द्वारा माता-पिता बनने की प्रक्रिया आसान कर देते हैं.

इसके अलावा कनाडा में एक ही लिंग के माता-पिता और इकलौते माता-पिता के लिए भी परिवार बनाने का विकल्प मौजूद है, जो कई देशों में नहीं है.

कई लोगों के लिए परोपकार के रूप में सरोगेसी नैतिक है. ये उन देशों की तुलना में सस्ता भी है, जहां वाणिज्यिक रूप से सरोगेसी होती है.

मारिसा कहती हैं, "मैंने अमेरिका में कई प्रतिनिधि माताओं को देखा है, जिन्हें गर्भवती होने के लिए हज़ारों डॉलर मिलते हैं, लेकिन कनाडा में हम ऐसा नहीं करते."

यहां प्रतिनिधि माताओं को सिर्फ गर्भावस्था से जुड़े खर्चों के लिए धन मिलता है, जैसे, प्रसवपूर्व विटामिन्स, मातृत्व के कपड़े, किराने के सामान, चिकित्सकीय सलाह के लिए यात्रा खर्च और चिकित्सा कारणों से खोनेवाला वेतन।

Comments